Wednesday, October 6, 2010

ICICI, HDFC, केनरा बैंक समेत कई बैंकों ने बेस रेट बढ़ाया

 मौद्रिक नीति की सख्ती के रिस्पॉन्स में मंगलवार को एक बार फिर कई और बैंकों ने अपने बेस रेट में इजाफे का एलान किया। इन बैंकों में आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक और डेवलपमेंट क्रेडिट बैंक (डीसीबी) शामिल हैं। एचडीएफसी बैंक ने बेस रेट को 7.25 फीसदी से बढ़ाकर 7.5 फीसदी कर दिया है। इसके साथ बैंक की दर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बराबर हो गई है। बैंक की नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। इसी तरह आईसीआईसीआई बैंक ने भी अपना बेस रेट 7.50 फीसदी से बढ़ाकर 7.75 फीसदी कर दिया है। इसके अलावा, बैंक ने अपनी जमा दरों में भी 0.25-0.50 फीसदी की बढ़ोतरी की है। बैंक की नई दरें बुधवार से लागू हो जाएंगी। 
बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक ने अपनी दरों में क्रमश: 0.50-0.50 फीसदी का इजाफा किया है और ये बढ़कर 8.50 फीसदी हो गई हैं। डीसीबी ने बेस रेट को 0.50 फीसदी बढ़ाकर इसे 8.25 फीसदी कर दिया है। हालांकि, देना बैंक ने इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं की है और यह पहले के 8.25 फीसदी के स्तर पर कायम है। बेस रेट ज्यादातर लोन के लिए बेंचमार्क होता है। इसके अलावा, यह फ्लोर रेट भी होता है और बैंक इस दर से नीचे किसी तरह का लोन नहीं बांट सकते। 

पिछले महीने की शुरुआत में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने मुद्रास्फीति पर नियंत्रण के मकसद से प्रमुख ब्याज दरों (रेपो और रिवर्स रेपो रेट) में बढ़ोतरी की थी और उसके बाद कई बैंकों ने दरों में बढ़ोतरी की थी। पिछले महीने एचडीएफसी बैंक ने प्राइम लेंडिंग रेट (बीपीएलआर) में 0.5 फीसदी की बढ़ोतरी कर इसे 16.25 फीसदी कर दिया था। साथ ही, बैंक ने डिपॉजिट रेट में भी 0.50 फीसदी का इजाफा किया था। 
इससे पहले 30 सितंबर को पंजाब नेशनल बैंक ने लोन पर ब्याज दर को 8 फीसदी से बढ़ाकर 8.5 फीसदी कर दिया था, जबकि एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और स्टैनचार्ट बैंक ने बेस रेट में 0.25 फीसदी तक की बढ़ोतरी की थी। इसके तुरंत बाद इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक और करूर वैश्य बैंक ने भी दरों में 0.50 फीसदी तक का इजाफा किया था।

No comments: