एनर्जी

नवंबर के दूसरे हफ्ते में आएगा पावर ग्रिड का इश्यू-
नई दिल्ली: पावर ग्रिड कॉरपोरेशन का फॉलो-ऑन ऑफर (एफपीओ) नवंबर के दूसरे हफ्ते में आएगा। कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर एस के चतुर्वेदी ने बुधवार को यह जानकारी दी। एफपीओ का समय तय होने से एनएसई में पावर ग्रिड का शेयर 1.6 फीसदी चढ़ा।

पावर ग्रिड का इश्यू, कोल इंडिया के आईपीओ के तुरंत बाद आ रहा है। अभी तक का सबसे बड़ा कोल इंडिया का इश्यू अक्टूबर के तीसरे हफ्ते में आएगा। दरअसल, बाजार में जारी तेजी का फायदा उठाने के लिए सरकार पीएसयू के इश्यू जल्द से जल्द लाना चाहती है।

इंडियन इलेक्ट्रिकल्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (आइमा) और पावरग्रिड द्वारा आयोजित कान्फ्रेंस के दौरान चतुर्वेदी ने कहा, 'हालात को देखते हुए हम नवंबर के दूसरे हफ्ते में एफपीओ लाने को तैयार होंगे। इश्यू से 8,600 करोड़ रुपए जुटाए जाने की उम्मीद है। इसमें से 4,300 करोड़ सरकारी खाते में जाएगा जबकि बची हुई रकम कंपनी के पास आएगी।' एफपीओ में सरकार पावरग्रिड की 10 फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी। साथ ही, कंपनी 10 फीसदी नए शेयर जारी करेगी।

एफपीओ से जुटाई गई रकम से कंपनी मौजूदा पंचवर्षीय योजना (2007-12) के दौरान बचे हुए प्रोजेक्ट पूरा करेगी। कुछ रकम का इस्तेमाल अप्रैल 2012 से शुरू होने वाली 12वीं योजना में शुरू हो रहे प्रोजेक्ट के लिए किया जाएगा। कंपनी ने आईसीआईसीआई, एसबीआई कैप, गोल्डमैन सैक्स और जेपी मॉर्गन को एफपीओ के लिए मर्चेंट बैंकर नियुक्त किया है।

टेलीकॉम कंपनियों को ट्रांसमिशन टावर लीज पर देने की योजना पर चतुर्वेदी ने कहा, 'हम अगले चार महीने में टेलीकॉम कंपनियों से बोली मंगाएंगे। इस साल के अंत तक कॉन्ट्रैक्ट दे दिए जाएंगे।' देशभर में पावरग्रिड के 1,50,000 पावर ट्रांसमिशन टावर हैं। इनमें से 70 फीसदी टावर अर्द्ध-शहरी और ग्रामीण इलाकों में हैं। पावर ग्रिड देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम टावर कंपनी है। पावरग्रिड द्वारा टेलीकॉम कंपनियों को टावर लीज पर देने से कंपनियों को ग्रामीण इलाकों में सेवाएं देने में मदद मिलेगी।

चतुर्वेदी ने बताया, 'टेलीकॉम बिजनेस से अगले 4-5 साल के दौरान कंपनी को 350-400 करोड़ रुपए की आमदनी होने की उम्मीद है।' करीब 74,297 सकिर्ट किलोमीटर ट्रांसमिशन लाइन के साथ पावरग्रिड दुनिया की प्रमुख ट्रांसमिशन इकाइयों में शामिल है। कंपनी ने 20,800 मेगावाट इंटर रीजनल पावर ट्रांसफर क्षमता का नेशनल ग्रिड बना लिया है। साल 2012 तक इसकी क्षमता बढ़कर 32,000 मेगावाट हो जाएगी। कंपनी 11वीं योजना के तहत विस्तार पर 55,000 करोड़ रुपए निवेश कर रही है। कंपनी का शेयर बीएसई पर 1.73 फीसदी की बढ़त के साथ 108.65 रुपए पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई में 1.64 फीसदी ऊपर 108.65 पर रहा।