देश-दुनिया

वैश्विक सुधार सुस्त, नहीं बढ रहे हैं रोजगार: आईएमएफ-
वाशिंगटन: अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) ने भी माना है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुधार काफी
कमजोर और अनिश्चित है और यही वजह है कि रोजगार के ज्यादा अवसर सृजित नहीं हो पाए हैं।

अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष प्रमुख डोमिनिक स्ट्रॉस काहन ने कहा है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था सुस्त गति से आगे बढ रही है। जब तक बेरोजगारी दर कम नहीं होती है यह कहना फिलहाल मुश्किल है कि संकट समाप्त हो गया है। आईएमएफ और विश्व बैंक की अगले सप्ताह होने वाली सालाना बैठक से पहले यहां संवाददाताओं के एक समूह के साथ बातचीत में डोमिनिक काहन ने कहा कि वह दुनिया की विशालतम अर्थव्यवस्था अमेरिका के भविष्य के बारे में आशान्वित हैं।

उन्होंने कहा कि एशियाई और लातिन अमेरिकी अर्थव्यवस्थाएं बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं लेकिन कुछ यूरोपीय देशों की संभावनाएं अनिश्चित नजर आ रही हैं। उन्होंने सतर्क किया कि किसी तरह के हस्तक्षेप से कोई उम्मीद करना अच्छा नहीं होगा क्योंकि इतिहास बताता है कि इस तरह का हस्तक्षेप अधिक समय तक नहीं टिकता। आईएमएफ और विश्व बैंक की सालाना बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी करेंगे।